Lahar Chakra

Jamshedpur News :मध्य रात्रि में गूंजी स्वरलहरी, महिमा साधू संग की सुनहु मेरे मीता

जमशेदपुर। शहर के सिख युवाओं की संस्था खालसा सेवा दल द्वारा साकची गुरुद्वारा मैदान में आयोजित दो दिवसीय महान कीर्तन दरबार में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि को, महिमा साधू संग़ की सुनहु हो मेरे मीता, जय जयकार करे सब सोई, सबद की स्वर लहरी बीबी जसप्रीत कौर पटियालावाले की गूंज उठी और उन्होंने वाहेगुरु का सिमरन जाप किया तो हजारों लोगों ने उनके सुर में सुर मिला, सुखद भक्तिपूर्ण अलौकिक माहौल बना दिया। वहीं शहर में पहली बार ऐसा हुआ कि दस वर्ष से कम उम्र के भुजंगीयों (बालक-बालिकाओं) ने बड़े ही उल्लास उत्साह उमंग के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर पुष्प वर्षा की।
इस मौके पर श्री दरबार साहिब तरनतारन के हेड ग्रंथी ज्ञानी जजबीर सिंह ने सच्चे भक्त के गुणों की बखान करते हुए कहा कि वह भले ही ताकतवर, विद्वान, बलशाली, धन, वैभव, भौतिक साधनों से परिपूर्ण रहता है परंतु वह हमेशा ही नम्र, सेवा, सत्कार, सहयोग जैसी भावना से परिपूर्ण होता है। उन्होंने इस संदर्भ में गुरु अंगद देव जी गुरु अमर दास जी गुरु रामदास जी और भाई नंदलाल जी, गुरु तेग बहादुर जी का उल्लेख किया। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस दुनिया में अनेक कौतक किये परंतु खुद को परमेश्वर का दास बताया। सिखों में यही गुण होने चाहिए।
भाई सरूप सिंह के जत्थे ने सुर एवं गायनशैली से पदमश्री स्वर्गीय निर्मल सिंह खालसा की याद ताजा करवा दी।
भाई गुरदीप सिंह निक्कू, नारायण सिंह के जत्थे ने भी कीर्तन गायन किया जत्थेदार जरनैल सिंह एवं हजूरी ग्रंथी अमृतपाल सिंह मन्नन ने सरबत के भला के लिए अरदास की। संचालन परमजीत सिंह काले ने किया। दोपहर एवं शाम को संगत के बीच लंगर वरताया गया और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
इसके सफल आयोजन पर सनी सिंह बरियार ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, तन, मन, धन से सहयोग करनेवाले नगर की गुरु नानक नाम लेवा संगत के प्रति आभार जताया।
इसके आयोजन में हरप्रीत सिंह अमन, अमरपाल सिंह, सतबीर सिंह सोमू, चंचल सिंह भाटिया, सतबीर सिंह गोल्डू, गुरविंदर सिंह चहल, प्रितपाल सिंह, जगजीत सिंह, रमन सिंह सिद्धू, गुरबख्श सिंह, मनप्रीत सिंह सबलोक, मनमीत सिंह मणि, नवदीप सिंह, संदीप सिंह, समीर, बलदीप सिंह, जसपाल सिंह, देवेंद्र सिंह आदि का सराहनीय सहयोग रहा।

Exit mobile version