Lahar Chakra

Jamshedpur News: ‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ के साथ श्रीनाथ विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का हुआ आगाज़

जमशेदपुर। श्रीनाथ विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र का औपचारिक शुभारंभ ‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ कार्यक्रम के साथ गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को एक्सएलआरआई, सीएच एरिया में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव-नामांकित विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ शामिल हुए। समारोह का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का स्वागत करना, उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संस्कृति से परिचित कराना और उनके भविष्य के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिल्लो पारिख, चेयरमैन, सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल (निदेशक, वैदेही मोटर्स) थे। सम्मानित अतिथियों में रवि एस. राजहंस (डिप्टी जनरल मैनेजर-एचआर, रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड), अनिमेष आनंद (सीनियर एसडीएम, ओरेकल इंडिया), धर्मेंद्र प्रधान (मेंबर, झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल) और दिनेश कुमार रंजन (डिप्टी रीजनल डायरेक्टर, जियाडा) शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुनील केडिया और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सलाहकार कौशिक मिश्रा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों का औपचारिक स्वागत हुआ।

मुख्य अतिथि डिल्लो पारिख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज उनकी जीवन यात्रा का एक महत्वपूर्ण चरण शुरू हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित रहने, कक्षा के साथ-साथ कक्षा के बाहर भी सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने और बड़े सपने देखकर कठिन परिश्रम करने का संदेश दिया।

मूल्यों और तकनीक के संतुलित उपयोग पर जोर

जीवराज सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि मोबाइल फोन विद्यार्थियों के हाथ में एक बड़ी शक्ति है और उसका सही उपयोग ही भविष्य तय करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मल्टी-टैलेंटेड बनने का संदेश

श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता का त्याग और तपस्या भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही विद्यार्थी प्रोफेशनल डिग्री लेकर समाज और उद्योग जगत में अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने वर्तमान समय में सफल होने के लिए मल्टी-टैलेंटेड बनने की आवश्यकता पर बल दिया और अभिभावकों से विश्वविद्यालय का सहयोग करने का अनुरोध किया।

‘श्रीवाणी’ पत्रिका का विमोचन

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘श्रीवाणी’ का विमोचन भी किया गया। डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश ने विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन की शपथ दिलाई। कुलपति डॉ. एस. एन. सिंह ने भी विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश दिया, जबकि कुलसचिव डॉ. याहिया मजूमदार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, तकनीकी और शोध संबंधी गतिविधियों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नव-नामांकित विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे समारोह का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक शंभु महतो और संध्या महतो भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नव-नामांकित विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

आयोजन में रही उल्लेखनीय भूमिका

‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ के सफल आयोजन में डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश, एचआर प्रमुख रविकांत, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय महतो, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की भूमिका उल्लेखनीय रही।

Exit mobile version