Jamshedpur News :77वें गणतंत्र दिवस पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को राष्ट्रपति अवार्ड
News Desk
जमशेदपुर।
77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर Santosh Kumar को सिविल डिफेंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण, सराहनीय एवं विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और मूल्यवान सेवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के लिए ऐतिहासिक क्षण
दक्षिण पूर्व रेलवे के इतिहास में यह पहला अवसर है जब चक्रधरपुर मंडल से किसी सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर को राष्ट्रपति अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। इस उपलब्धि से चक्रधरपुर मंडल, टाटानगर रेल सिविल डिफेंस और पूरे जमशेदपुर शहर को विशेष गौरव की अनुभूति हो रही है। रेलवे प्रशासन और सिविल डिफेंस से जुड़े अधिकारी इसे पूरे संगठन की उपलब्धि मान रहे हैं।
कर्तव्य के प्रति निष्ठा का सम्मान
राष्ट्रपति अवार्ड उन अधिकारियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों के प्रति असाधारण निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना का परिचय दिया हो। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने वर्षों तक रेल परिसरों, यात्रियों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस प्रशिक्षण और जन-जागरूकता अभियानों में अहम भूमिका निभाई है। उनकी सेवाएं संकट की घड़ी में जन-सुरक्षा के लिए मिसाल रही हैं।
पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित पुरस्कार
इंस्पेक्टर संतोष कुमार को इससे पहले वर्ष 2025 में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे और भारतीय रेल के स्तर पर कई महत्वपूर्ण पुरस्कार प्राप्त कर संगठन का नाम रोशन किया है। इनमें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (2024) गार्डन रीच, कोलकाता, पीसीएसओ अवार्ड (2022) गार्डन रीच, सीनियर एसडीजीएम अवार्ड (2018), चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक अवार्ड (2002, 2005, 2007) तथा सीनियर डीईई अवार्ड (2010, 2017) शामिल हैं। ये सभी सम्मान उनकी निरंतर उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण हैं।
भारतीय रेल को किया गौरवान्वित
अपने लंबे सेवाकाल में इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से भारतीय रेल की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। रेल सुरक्षा और सिविल डिफेंस के क्षेत्र में उनके योगदान को न केवल विभागीय स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय मंच पर भी सराहा गया है।
वॉलिंटियर्स ने दी बधाई
राष्ट्रपति अवार्ड की घोषणा के बाद टाटानगर रेल सिविल डिफेंस कार्यालय में खुशी का माहौल देखा गया। सभी वॉलिंटियर्स और सहकर्मियों ने अपने इंस्पेक्टर को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वॉलिंटियर्स ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक निष्ठा व उत्साह के साथ सेवा करने की प्रेरणा देगा।