Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :सड़क सुरक्षा माह में शानदार उपलब्धि, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जमशेदपुर को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार

JAMSHEDPUR।

सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी और सराहनीय कार्य करते हुए जमशेदपुर जिला ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान उत्कृष्ट कार्यों एवं सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाने के लिए जमशेदपुर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

इस सम्मान के माध्यम से जिले में पूरे माह व्यापक स्तर पर संचालित सड़क सुरक्षा अभियान के तहत किए गए सतत और समन्वित प्रयासों की सराहना की गई।

जागरूकता अभियानों का दिखा सकारात्मक असर

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले भर में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने सहित कई महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।

यह अभियान स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर चलाया गया, जिसका सकारात्मक प्रभाव सड़क दुर्घटनाओं में कमी के रूप में सामने आया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हुआ सम्मान

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में दीपक बीरूवा, परिवहन मंत्री, झारखंड सरकार के कर-कमलों से जमशेदपुर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, तीनों मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) तथा सड़क सुरक्षा टीम को सम्मानित किया गया।

उपायुक्त ने टीम को दी बधाई

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए समन्वित, सतत और योजनाबद्ध प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिला है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर जिले को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

Exit mobile version