जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पोटका में सोमवार को कुष्ठ और यक्ष्मा (टीबी) विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कुष्ठ और टीबी मरीजों को मिलने वाली पोषण राशि का प्रत्येक माह शत-प्रतिशत भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के आदेश पर आयोजित इस बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और संदिग्ध मरीजों की पहचान का दायरा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सहियाएं घर-घर जाकर करेंगी संदिग्ध मरीजों की पहचान
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने निर्देश दिया कि सभी सहियाएं घर-घर जाकर कुष्ठ और टीबी के संदिग्ध मरीजों की सूची तैयार करें। ऐसे मरीजों को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर या स्वास्थ्य केंद्र तक लाकर उनकी जांच और उपचार सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कुष्ठ और टीबी के पंजीकृत मरीजों को मिलने वाली पोषण सहायता राशि का भुगतान हर महीने DBT के माध्यम से शत-प्रतिशत होना चाहिए। इसके लिए संबंधित कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
MDT अभियान और विशेष कैंपों पर रहेगा जोर
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने जिले में संचालित ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (MDT) अभियान को और प्रभावी बनाने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय की ओर से इस महीने ‘अबकी बार-आपके द्वार’ अभियान के तहत MDT, सेल्फ केयर किट और MCR कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य कुष्ठ रोग से होने वाली दिव्यांगता को रोकने और मरीजों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है।
टीबी से होने वाली मौतों को रोकने का लक्ष्य
बैठक में टीबी विभाग को जांच का दायरा बढ़ाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। डॉ. सुकांत सीट ने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि प्रखंड में टीबी से एक भी मौत नहीं हो। इसके लिए समय पर पहचान, जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।
बैठक में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, ज्योतिर्मय महाकुड़, डाटा प्रबंधक धर्मपाल मंडल, फार्मासिस्ट धर्मराज महतो, डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती तथा कुष्ठ एवं टीबी विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
