जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि इस वर्ष गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित होने वाला जिला स्तरीय समारोह पूरी गरिमा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह
जिला प्रशासन के अनुसार 15 अगस्त 2026 को सुबह 09:05 बजे गोपाल मैदान में मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों के लिए उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया है, जो विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देगी।
14 अगस्त को सांस्कृतिक संध्या और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को 14 अगस्त को उनके आवास पर जाकर शॉल और मिष्ठान्न देकर सम्मानित किया जाए। साथ ही वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
10 अगस्त से शुरू होगा परेड पूर्वाभ्यास
स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से प्रारंभ होगा और 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ संपन्न होगा। 10 अगस्त का अभ्यास पुलिस लाइन में होगा, जबकि इसके बाद के सभी अभ्यास गोपाल मैदान में आयोजित किए जाएंगे। परेड में RAF, DAP (महिला एवं पुरुष), होमगार्ड, NCC (महिला एवं पुरुष), स्काउट एंड गाइड तथा CRPF की टुकड़ियों को शामिल करने पर चर्चा हुई।
यातायात, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
मुख्य समारोह स्थल की तैयारी की जिम्मेदारी नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) को दी गई है, जो NDC और जुस्को के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। जुस्को को गोपाल मैदान की साफ-सफाई और रख-रखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है।
प्रशासन और प्रेस के बीच होगा फ्रेंडली फुटबॉल मैच
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि 15 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच फ्रेंडली फुटबॉल मैच भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त JNAC, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
