Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि और आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी

जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के लगातार प्रयासों और घाटशिला क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे बोर्ड ने घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव को प्रायोगिक आधार पर मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में 27 अगस्त 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया है।

रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार 12859/12860 मुंबई सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस और 12129/12130 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस का घाटशिला स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया गया है। दोनों ट्रेनों का ठहराव प्रायोगिक आधार पर प्रारंभिक सुविधाजनक तिथि से लागू किया जाएगा।

घाटशिला के यात्रियों को मिलेगा लंबी दूरी की ट्रेनों का लाभ

दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला सहित पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। गीतांजलि एक्सप्रेस के घाटशिला में रुकने से मुंबई और हावड़ा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव से पुणे, हावड़ा सहित मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों तक सीधी रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।

इससे क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लंबी दूरी की यात्रा करने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सांसद विद्युत वरण महतो की पहल रंग लाई

घाटशिला स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से स्थानीय यात्रियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के समक्ष लगातार पहल की थी। इस संबंध में सांसद की ओर से पत्राचार और आवश्यक आग्रह भी किए गए थे।

रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि दोनों ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भरता कम होगी।

Exit mobile version