
JAMSHEDPUR।
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। क्षेत्र के विधायक सरयू राय की अनुशंसा पर गोलमुरी क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती और नानक नगर की वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी सड़कों के कायाकल्प का कार्य अब शुरू हो गया है। टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से मांग थी कि नामदा बस्ती और नानक नगर की सड़कों को दुरुस्त किया जाए, क्योंकि खराब सड़कों के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को जल्द ही इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है।
रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं महानगर अध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सामग्री और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित एजेंसी को कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान गोलमुरी मंडल अध्यक्ष शमशाद खान, वर्मा माइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार, गंगाधर पांडे, दशरथी चौधरी, दीपू तिवारी, बलवंत सिंह, जसवंत सिंह, आशीष दत्त, हरदीप सिंह, सनी सिंह, गुरमीत सिंह, प्रमोद सिंह, शिव पटेल, मन्नू कुमार, सोनू सिंह, प्रकाश जी, मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर विधायक सरयू राय के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि विधायक सरयू राय का स्पष्ट लक्ष्य है कि जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र की हर बस्ती को बेहतर सड़क और ड्रेनेज सुविधा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य उसी विकास सोच का हिस्सा है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
वहीं जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण से हजारों स्थानीय नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति देंगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होता रहेगा।
