Lahar Chakra

Jamshedpur News :साकची थाना शांति समिति ने आनंद कुमार मिश्रा को दी विदाई, नए थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव का स्वागत

जमशेदपुर। साकची थाना शांति समिति की ओर से निवर्तमान थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को भावभीनी विदाई दी गई। वहीं साकची थाना के नए प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में दोनों पुलिस अधिकारियों को फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों ने आनंद कुमार मिश्रा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया।

अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क के लिए सराहा गया कार्यकाल

शांति समिति के सक्रिय सदस्य सरदार परमजीत सिंह काले ने कहा कि आनंद कुमार मिश्रा का कार्यकाल काफी सराहनीय रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया।

इसके साथ ही उन्होंने आम जनता के साथ मधुर संबंध स्थापित किए, जिससे पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण बना। काले ने कहा कि उनके सरल स्वभाव और बेहतर कार्यशैली को साकची क्षेत्र की जनता हमेशा याद रखेगी।

नए थाना प्रभारी को दिया सहयोग का भरोसा

कार्यक्रम में शांति समिति के सदस्यों ने नए थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। समिति की ओर से आश्वासन दिया गया कि साकची क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।सदस्यों ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रह सकती है।

कई सदस्य रहे मौजूद

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में तेज प्रताप पांडे, सरदार परमजीत सिंह काले, सोनू रजा खान, हरविंदर सिंह, अंकित जवानपुरिया, आदर्श मेहंदी कश्मीरी, विकास दुबे और सुशांत बाजपेई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सभी ने मिलकर निवर्तमान थाना प्रभारी को शुभकामनाएं देते हुए नए प्रभारी के सफल कार्यकाल की कामना की।

Exit mobile version