Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सिंहभूम चैंबर का बड़ा कदम, मुख्यमंत्री के नाम ADG मनोज कौशिक को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर । लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गुरुवार को झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन झारखंड पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मनोज कौशिक को सौंपा। यह ज्ञापन पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG), कोल्हान प्रक्षेत्र अनुरंजन किस्पोट्टा तथा पूर्वी सिंहभूम के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वक़ारिब की उपस्थिति में सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध, व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

“जमशेदपुर में बढ़ रही हैं रंगदारी, गोलीबारी और अपराध की घटनाएं” : मानव केडिया

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जमशेदपुर में रंगदारी, गोलीबारी, चोरी, छिनतई, महिलाओं से चेन स्नैचिंग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि बिष्टुपुर में पुलिस अभिरक्षा के दौरान हुई हत्या की घटना ने व्यापारिक समुदाय और आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर झारखंड की औद्योगिक और व्यापारिक राजधानी है, इसलिए यहां सुरक्षित वातावरण बनाए रखना राज्य के उद्योग, निवेश और रोजगार के लिए अत्यंत आवश्यक है।

चैंबर ने रखीं 11 प्रमुख मांगें, CCTV और पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर

सिंहभूम चैंबर ने प्रशासन के समक्ष कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर हाई-क्वालिटी CCTV कैमरे लगाने, ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर स्थायी पुलिस चेक पोस्ट स्थापित करने तथा सभी थाना क्षेत्रों में टीओपी (Town Out Post) को पुनः सक्रिय करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा, प्रत्येक थाना प्रभारी द्वारा नियमित गश्त, संवेदनशील और व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था तथा संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग की गई।

व्यापारियों को बिना जांच दोषी नहीं ठहराने की मांग

चैंबर ने यह भी मांग की कि यदि किसी व्यापारी के प्रतिष्ठान या उसके आसपास कोई आपराधिक घटना घटित होती है, तो बिना निष्पक्ष जांच और पर्याप्त सत्यापन के संबंधित व्यवसायी को दोषी या संदिग्ध नहीं ठहराया जाए।

चैंबर का कहना है कि केवल घटनास्थल के आधार पर किसी व्यापारी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है और किसी भी कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

ADG मनोज कौशिक ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान झारखंड पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक ने चैंबर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और तत्काल पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वक़ारिब को डोबो पुल पर CCTV कैमरे लगाने तथा डोबो पुल के समीप एक Town Out Post (TOP) स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जमशेदपुर में सभी आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सिंहभूम चैंबर का नैतिक समर्थन

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की। चैंबर ने कहा कि यह समर्थन बेहतर कानून-व्यवस्था, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग के समर्थन में दिया जा रहा है।

चैंबर ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से शांति, संयम और कानून का पालन करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की अपील की।


Exit mobile version