Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: सूर्य मंदिर सिदगोड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रहेगी धूम, बाल राधा-कृष्ण सजाओ और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के होंगे ऑडिशन

जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

महोत्सव के दौरान बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेंगी। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। सोमवार को भालूबासा स्थित एक होटल में सूर्य मंदिर समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी और सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

जन्माष्टमी पर विशेष पूजा और भजन-कीर्तन

सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर सूर्य मंदिर परिसर में विशेष पूजन, हवन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा।

मध्यरात्रि में बाल गोपाल के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु विशेष भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव में शामिल होंगे।

2 और 3 सितंबर को ऑडिशन, 4 को फाइनल

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के तहत 2 सितंबर को शाम 5 बजे से बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के ऑडिशन होंगे। वहीं 3 सितंबर को शाम 5 बजे से सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।

दोनों प्रतियोगिताओं का फाइनल मुकाबला 4 सितंबर को शाम 5 बजे सूर्य मंदिर परिसर में होगा।

बाल राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में ₹7 हजार तक पुरस्कार

सूर्य मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹7,000, द्वितीय स्थान को ₹5,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹3,000 नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹20,000, द्वितीय पुरस्कार ₹15,000 और तृतीय पुरस्कार ₹10,000 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के 10 प्रतिभागियों तथा सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों की अधिकतम उम्र 10 वर्ष निर्धारित की गई है।

1 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

सूर्य मंदिर समिति के सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के लिए फॉर्म वितरण 29 अगस्त से शुरू हो चुका है। इच्छुक प्रतिभागी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे और शाम 4 बजे से 7 बजे तक मंदिर परिसर से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।

फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर शाम 7 बजे तक निर्धारित की गई है। समिति ने इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है।

प्रतियोगिताओं के लिए प्रभारियों की नियुक्ति

महोत्सव के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए सूर्य मंदिर समिति की ओर से विभिन्न प्रभारियों एवं सहयोगियों की नियुक्ति की गई है। बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का प्रभारी गुंजन यादव को बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए अखिलेश चौधरी, रूबी झा, बोलटू सरकार, मीरा झा, कृष्णमोहन सिंह, रंजीत सिंह एवं सीतारामडेरा मंडल के सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है।

सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार होंगे। उनके सहयोग के लिए अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, बंटी अग्रवाल, पप्पू उपाध्याय एवं गोलमुरी मंडल के सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूर्य मंदिर समिति ने शहरवासियों से तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में परिवार सहित शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Exit mobile version