Lahar Chakra

Jamshedpur News :सुधा-बन्ना ने किया टाटा जी को नमन, 187वीं जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

जमशेदपुर।

लौहनगरी जमशेदपुर में महान उद्योगपति जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मानगो मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहर निर्माण की दूरदर्शी सोच

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेदजी टाटा ने लौहनगरी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने का सपना देखा था। उन्होंने हर वर्ग के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की परिकल्पना की थी। उनकी दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि जमशेदपुर आज देश के उन्नत और प्रसिद्ध शहरों में शुमार है तथा विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाए हुए है।

रोजगार और विकास की मजबूत नींव

मानगो मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि पूरा जमशेदपुर टाटा जी का ऋणी है। उन्होंने विश्व स्तरीय सोच के साथ इस शहर को बसाया और हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए। उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है।

उन्होंने कहा कि आज जमशेदपुर का मान-सम्मान पूरे देश ही नहीं, बल्कि विश्व में बढ़ा है। हम सभी को गर्व है कि हम इस ऐतिहासिक और विकसित शहर के निवासी हैं।

जयंती पर लिया संकल्प

जयंती के अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने टाटा जी के आदर्शों पर चलने और शहर के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने भी महान विभूति को शत-शत नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

जमशेदपुर की पहचान, उसकी औद्योगिक विरासत और आधुनिक स्वरूप के मूल में जमशेदजी टाटा की दूरदृष्टि आज भी प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

Exit mobile version