
जमशेदपुर। बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में बर्मामाइंस क्षेत्र में व्याप्त धूल प्रदूषण, सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही तथा दुर्गा पूजा मैदान में पार्किंग स्थल बनाए जाने के विरोध को लेकर गुरुवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी अतुल भटनागर एवं जीएम आर.के. सिंह की मौजूदगी में समिति के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन ने समिति की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कई प्रमुख बिंदुओं पर सहमति जताई। बैठक के दौरान टाटा स्टील यूआईएसएल अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि बढ़ते धूल प्रदूषण को देखते हुए बेचिंग प्लांट को बंद किया जाएगा। क्षेत्र की सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा तथा धूल प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए पूरे मार्ग पर टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से जल छिड़काव किया जाएगा। मोना रोड स्थित पार्किंग स्थल में पाइप लाइन के जरिए पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाएगा। दुर्गा पूजा मैदान को लेकर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि वहां बनाए गए पार्किंग स्थल को दुर्गा पूजा से दो माह पूर्व पूजा समिति को सुपुर्द कर दिया जाएगा। साथ ही पूरे मैदान में पैवर्स ब्लॉक बिछाने का कार्य भी पूरा किया जाएगा। इसके अलावा ट्यूब कंपनी गोलचक्कर से बर्मामाइंस तक के मार्ग में यातायात नियंत्रण के लिए टाटा स्टील की ओर से सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी। बस्ती बचाओ संघर्ष समिति का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता रामबाबू तिवारी ने टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लेकर लोगों को एकजुट कर उनकी आवाज को मजबूती से उठाना था। इस आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति भी उन्होंने धन्यवाद व्यक्त किया। कहा कि इन बदलाव से निश्चित ही स्टेशन आने-जाने वाले राहगीरों को राहत मिलेगी। रामबाबू तिवारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रबंधन द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद समिति फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर रही है। हालांकि, भविष्य में यदि जनहित की अनदेखी की गई तो बस्ती बचाओ संघर्ष समिति पुनः जनता के सहयोग से आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस अवसर पर सतवीर सिंह सोमू, राजेश कुमार सिंह, राजन सिंह, दीपक झा, बिनोद झा, भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा, सागर राय, राम मार्डी, शशि सिंह, रविजेन्ट सिंह, सौरव श्रीवास्तव, सुख सागर गुप्ता, संजय संजू शर्मा, बर्मा कंशारी, गुड्डू यादव, भोला सिंह, अभय राय, चंदन उपाध्याय व अन्य मौजूद रहे।
