
JAMSHEDPUR।
जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के बांकीशोल पंचायत स्थित बाकुलचंदा गांव में संचालित ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। यह आश्रम जिला प्रशासन की पहल पर हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है, जहां कई निराश्रित और असहाय बुजुर्ग रह रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, देखभाल, दैनिक दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बातचीत के क्रम में कुछ बुजुर्गों ने बताया कि उनके पास पेंशन, आधार कार्ड या बैंक खाता नहीं है। इस पर उपायुक्त ने डुमरिया बीडीओ श्री नीलेश मुर्मू को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में आवासीय कमरों, शौचालय-स्नानगृह, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल और स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा मानवता का सबसे बड़ा कार्य है और इस दिशा में हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय एवं समाज के लिए प्रेरक है।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने बुजुर्गों की सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और गर्म रहने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। मौके पर उन्होंने आश्रम में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के बीच ऊनी वस्त्र, शॉल और गर्म कपड़े वितरित किए। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को सलाह दी कि बुजुर्गों की आवश्यकताओं पर लगातार सतर्क निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि आज समाज में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां वृद्ध मां–बाप की समुचित देखभाल नहीं हो पाती। ऐसे में ‘निर्वाण-2’ जैसे वृद्धाश्रम बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान कर रहे हैं और समाज के सामने सकारात्मक संदेश स्थापित कर रहे हैं।
वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, वस्त्र, दवाई, स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षित वातावरण और नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आश्रम की आवश्यकताओं की जानकारी ली और जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने प्रबंधन से कहा कि भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और बुजुर्गों के लिए योग, ध्यान, मनोरंजन गतिविधियाँ और मानसिक स्वास्थ्य सहयोग जैसी गतिविधियाँ नियमित रूप से चलाई जाएँ। आश्रम परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ डुमरिया नीलेश मुर्मू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
