
JAMSHEDPUR ।
संसद खेल महोत्सव के अवसर पर रविवार को रामदास भत्ता कम्युनिटी सेंटर में भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पुरुष एवं महिला वर्ग की इस स्पर्धा में कुल 23 टीमों और लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 18 टीमें जबकि महिला वर्ग की 5 टीमों ने हिस्सा लिया। सुबह खेल के उद्घाटन समारोह में विद्युत महतो को गंगावली राय द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों में जोश और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
कड़े मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में रामदास भत्ता कम्युनिटी सेंटर की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। पूर्वी सिंहभूम की टीम उपविजेता रही, जबकि टाटा स्टील ट्रेनिंग सेंटर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन के लिए पुरुषोत्तम रंजन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पूर्वी सिंहभूम की महिला टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। रामदास भत्ता कम्युनिटी सेंटर की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि केरला पब्लिक स्कूल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सुप्रिया दुबे को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब प्रदान किया गया।
मैचों का सफल संचालन सुनील कुमार राय, अमरीक सिंह, हरे राम, दीपक कुमार, जितेंद्र मिश्रा, अरशद अली, धनरंजन शर्मा, अनंता संतरा, रवि सिंह, विवेक भारद्वाज और कुंदन द्वारा किया गया। सभी मैच अनुशासन, खेल नियमों और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुए।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सांसद द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजीव कुमार, संजीव कुमार, भास्कर राव और शकील अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्वी सिंहभूम वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने पूरे आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
