जमशेदपुर:
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में रांची स्थित नवनिर्मित झारखंड विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री Hemant Soren से मुलाकात कर कोल्हान क्षेत्र के औद्योगिक व शहरी विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल में मानद महासचिव पुनीत काउंटिया, उपाध्यक्ष (टैक्स एवं फाइनेंस) राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष (उद्योग) हर्ष बांकरेवाल, सचिव (उद्योग) विनोद शर्मा तथा सचिव (टैक्स एवं फाइनेंस) अंशुल रिंगासिया शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल Saryu Roy के साथ झारखंड विधानसभा भी गया, जहां सदस्यों ने विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान चैंबर ने चार प्रमुख विषयों को उनके समक्ष रखा। सबसे प्रमुख मुद्दा Dhalbhumgarh Airport Project का था, जो पिछले छह वर्षों से लंबित है। चैंबर ने परियोजना को जल्द गति देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं इसकी प्रगति पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।
दूसरा मुद्दा टाटा स्टील के कमांड एरिया में पिछले लगभग दस वर्षों से बंद पड़ी रजिस्ट्री का था। चैंबर ने कहा कि रजिस्ट्री बंद रहने से शहर में रियल एस्टेट, निर्माण कार्य और शहरी विकास प्रभावित हो रहा है तथा व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
तीसरे विषय के रूप में चैंबर ने Jharkhand Industrial Area Development Authority को अन्य राज्यों की औद्योगिक विकास संस्थाओं की तरह भूमि अधिग्रहण का अधिकार देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की शक्ति नहीं होने के कारण औद्योगिक भूमि बैंक तैयार नहीं हो पा रहा है, जिससे खासकर MSME क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना में बाधा आ रही है।
चौथा मुद्दा जुगसलाई, मानगो और टाटा कमांड एरिया के बाहर कई इलाकों में भूमि रिकॉर्ड में अब भी “बिहार सरकार” का नाम दर्ज रहने का था। चैंबर ने कहा कि राज्य विभाजन के बाद यह स्थिति अप्रासंगिक हो चुकी है, इसलिए भूमि सर्वेक्षण कर रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से भी मुलाकात कर इन मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही जमशेदपुर–आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति में आ रही कमी और उससे उद्योगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री Radha Krishna Kishore, पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू, बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती तथा घाटशिला के विधायक सोमेस सोरेन से भी मुलाकात की।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय होने से जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक तथा शहरी विकास को नई गति मिलेगी।