
Jamshedpur. राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में उद्योग एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय के तत्वावधान में वार्षिक एलुमनाई मीट 2026 का शनिवार को टीएसजी, एनआईटी जमशेदपुर में आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न भागों से आए पूर्व छात्र, संकाय सदस्य, वर्तमान छात्र तथा उद्योग जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।इस एलुमनाई मीट में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों और संकाय सदस्यों के बीच सार्थक संवाद, अनुभव साझा करने तथा मेंटरशिप से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के पूर्व कार्यकारी निदेशक कौशल किशोर सिंह रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में लिंककोज़ लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अनुराग सक्सेना तथा लार्सन एंड टुब्रो के परामर्शदाता भगवत सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने नेतृत्व, नवाचार, उद्यमिता तथा उद्योग–शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए और छात्रों एवं युवा इंजीनियरों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार ने संस्थान की भविष्य की योजनाओं और विकास दृष्टि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्थान उद्योग-संरेखित एवं कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर रहा है तथा अंतःविषय अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय अनुसंधान सुविधा की स्थापना की गई है। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में 1000 सीटों की क्षमता वाले सभागार, आधुनिक छात्र गतिविधि केंद्र (एसएसी), समर्पित खेल स्टेडियम और बेहतर संकाय आवासीय सुविधाओं के विकास की योजनाओं की भी जानकारी दी।
