Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा चुनाव आयोग के निर्देश पर आगामी 4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चुनावी पाठशाला आयोजित की जाएगी। इस पाठशाला के दौरान बीएलओ द्वारा नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी न करने वाले मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे तथा आम नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न देना और अयोग्य नामों को हटाना है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्रीय नेतृत्व के आदेशानुसार जिले के सभी बूथों पर पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए 2 और स्थानीय कार्यकर्ताओं को इस पाठशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा संबंधित विषयों पर लिखित रूप से अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का निर्देश दिया है।


