Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: परसुडीह की लोको कॉलोनी और हरिजन बस्ती में चला नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, बच्चों को मिले दिवाली के उपहार

जमशेदपुर। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को परसुडीह थाना क्षेत्र की लोको कॉलोनी और हरिजन बस्ती में जागरूकता अभियान चलाया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत बच्चों को दिए उपहार

अभियान के दौरान पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दीपावली के अवसर पर बच्चों के बीच उपहार भी वितरित किए। पुलिस की इस पहल से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा। परिवार, स्थानीय समुदाय और पुलिस के सहयोग से ही नशामुक्त समाज की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता के जरिए समुदाय से जुड़ना भी उसकी प्राथमिकता है

Exit mobile version