
Bokaro/ Jamshedpur. बोकारो जिले के चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के नजदीक मंगलवार को धोखाधड़ी के एक मामले में हिरासत में लिया गया 52-वर्षीय एक आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. चंद्रपुरा रेलवे पुलिस थाना के प्रभारी एस राम ने बताया कि आरोपी की पहचान सुरेश एंड्रयू जेम्स के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के बेंगलुरु का मूल निवासी है, लेकिन ओडिशा के मयूरभंज में रहता था.
जेम्स को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में गिरफ्तार किये जाने के बाद परसुडीह थाना की पुलिस जमशेदपुर लेकर आ रही थी. भगोड़ा अपराधी पर परसुडीह थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में आरोपी है. परसुडीह पुलिस थाना के प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जेम्स पर ईसाई संस्थाओं से धोखाधड़ी करने का आरोप है और उसे हिमाचल प्रदेश में पकड़े जाने के बाद यहां लाया जा रहा था.
ऐसे भाग निकला
‘जैसे ही ट्रेन चंद्रपुरा के निकट तेलोन स्टेशन के पास पहुंची, हथकड़ी और रस्सी से बंधे आरोपी ने शौचालय इस्तेमाल करने का अनुरोध किया. एक पुलिस अधिकारी उसके साथ था. उसने अचानक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. उसे पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद बोकारो पुलिस सहित कई टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. रेलवे ट्रैक के आसपास के इलाकों, जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में छापेमारी चल रही है. हालांकि अब तक आरोपी का कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस अधिकारी इस मामले में सुरक्षा चूक को स्वीकार कर रहे हैं. हिमाचल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ऐसे महत्वपूर्ण आरोपी को ट्रेन से लाने के दौरान बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए यात्रा कराना पुलिस की लापरवाही को साफ दर्शाता है.
आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाने में दर्ज है मामला
सुरेश एंड्रयू जेम्स पर आरोप है कि वह ईसाई संगठनों और संस्थाओं से धन उगाही, फर्जी योजनाओं और दस्तावेजों के माध्यम से ठगी करता था. जांच में पता चला है कि आरोपी कई राज्यों में सक्रिय था और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. परसुडीह थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जमशेदपुर में पेश किया जाना था, लेकिन फरार होने से पूरी प्रक्रिया बाधित हो गई है.
