Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: धनतेरस पर अलर्ट मोड में जमशेदपुर पुलिस, महिला शक्ति कमांडो ने बाजारों में संभाली सुरक्षा की कमान

जमशेदपुर: धनतेरस पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। महिला शक्ति कमांडो की टीम विशेष रूप से बाजारों में निगरानी और गश्ती कर रही है।

बाजारों में महिला शक्ति कमांडो की सघन गश्ती

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, धनतेरस के मद्देनजर बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है। महिला शक्ति कमांडो द्वारा प्रभावी गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है।

पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, और व्यवसायियों के बीच सुरक्षित माहौल का भरोसा कायम रखना है।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों से पर्व के दौरान सतर्क और सजग रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामान्य परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धनतेरस सहित आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिसिंग जारी रहेगी।

Exit mobile version