Site icon Lahar Chakra

Jamahedpur: हिमांशु सिंह मर्डर मामले में गिरफ्तार बार संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आ रही पुलिस

Jamahedpur. बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए हिमांशु सिंह मर्डर मामले में गिरफ्तार बार संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो गई है। राजस्थान के सीकर कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें दिल्ली के रास्ते जमशेदपुर ला रही है। पुलिस के अनुसार, देर रात तक उनके शहर पहुंचने की संभावना है।

पुलिस ने नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र स्थित कोतवाली थाना इलाके से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई। लोकेशन ट्रैक होने के बाद राजस्थान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और स्थानीय थाने में रखा गया। जमशेदपुर पुलिस की टीम पहले दिल्ली पहुंची, इसके बाद राजस्थान जाकर नीरज सिंह से पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें सीकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां जमशेदपुर पुलिस ने उन्हें झारखंड लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस उन्हें जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई।

इस बीच, गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह और उनके कुछ करीबी लोग भी वहां पहुंचे। संध्या सिंह मानगो नगर निगम मेयर पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीरज सिंह और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। फिलहाल, जमशेदपुर पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। उम्मीद है कि शहर पहुंचने के बाद नीरज सिंह से विस्तृत पूछताछ की जाएगी और हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

Exit mobile version