Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : बारीडीह इलाके से पुलिस ने परसुडीह के गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार

Jamshedpur. शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारीडीह इलाके से पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 3 किलो 71 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह निवासी एक व्यक्ति बारीडीह क्षेत्र में गांजा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-01), पूर्वी सिंहभूम को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने बारीडीह गोलचक्कर के आसपास संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी दौरान कोशी रोड के पास एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में नजर आया, जिसका हुलिया सूचना से मेल खा रहा था। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंकू कर्माकार उर्फ पुसा (35) के रूप में हुई है, जो परसुडीह का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिसमें तीन भूरे रंग के पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 3 किलो 71 ग्राम है।

पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी की बात स्वीकार करते हुए इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी पुलिस को दी है। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Exit mobile version