Jamshedpur. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्त आरोपियों की पहचान गोदू काशीडीह निवासी असमुलु और साकची निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात आबिद हुसैन अपने घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई. इसके बाद स्कूटी सवार युवक ने आबिद पर फायरिंग कर दी. घटना में करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है.
इनमें दो राउंड हवाई फायरिंग किए जाने और दो गोलियां आबिद को लगने की जानकारी हैघटना के बाद घायल आबिद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. फायरिंग की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखे बरामद किए.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दशरथ शुक्ला ने हथियार उपलब्ध कराया था. हालांकि, पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है. हथियार की बरामदगी और दोनों आरोपियों की वास्तविक भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
