
Jamshedpur. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर में शेखर सांडिल हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को उद्भेदन कर दिया है. इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो आरोपियों संजय पाल और संतोष कर्मकार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. यह दोनों आरोपी देवनगर के रहने वाले हैं. यह जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने दी है.
सिटी एसपी ने बताया कि शेखर सांडिल और मुख्य हत्यारोपी राहुल सिंह दोनों पड़ोसी हैं. दो साल पहले इन दोनों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. छह महीना पहले शेखर सांडिल राहुल सिंह के घर पर पहुंच गया था और उसकी मां व बहन को गाली गलौज की थी. इसी के चलते राहुल सिंह ने इस घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने बताया कि रिमांड पर लिए गए राहुल सिंह ने बताया कि इस घटना में उनके साथ संजय पाल और संतोष कर्मकार भी था. संजय पाल घटनास्थल पर मौजूद था। गोली राहुल सिंह ने चलाई थी. राहुल सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने वह पिस्टल और बाइक भी बरामद कर ली है, जिसे घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त किया गया था.
सिटी एसपी ने बताया कि घटना के बाद मुख्य आरोपी देवनगर के रहने वाले राहुल सिंह ने 9 दिसंबर को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था. बाद में पुलिस ने राहुल सिंह को रिमांड पर लिया और उससे पूछताछ की थी. शनिवार को राहुल सिंह की रिमांड खत्म हो रही है. मेडिकल जांच कराने के बाद इन तीनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया गया है.
