Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में नोटिस चस्पा करने गयी पुलिस टीम पर हमला, धक्का-मुक्की, वाहन में तोड़फोड़

Jamshedpur. जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। नोटिस चस्पा करने गयी पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की गयी। एसआई का कॉलर पकड़ने के साथ पुलिस वाहन में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। सुबह हुई घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने उग्र भीड़ को काबू में करने के साथ आरोपी अजीम खान उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस स्थिति पर नजर रखी हुई है। खबर है कि टेल्को पुलिस सुबह एक मामले में अजीम खान के घर नोटिस चस्पा करने पहुंची थी।

बस्ती में पुलिस वाहन को देखते ही आसपास के लोग घरों से निकल आए। इस दौरान अजीम खान और उसके परिजनों ने पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उग्र लोगों ने एसआई हेमकिशोर गुप्ता और सोहन लाल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। उनके कॉलर तक पकड़ लिये। पुलिस वाहन में तोड़फोड़ का प्रयास किया।

यह है मामला
बस्ती निवासी जेबा खातून ने अजीम खान उर्फ अज्जू पर अश्लील वीडियो भेजने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसी मामले में नोटिस देने के लिए पुलिस टीम उसके घर पहुंची थी। बकरीद पर्व होने के कारण स्थानीय लोग अजीम को पुलिस के साथ नहीं जाने देना चाह रहे थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चार से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Exit mobile version