Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सोनारी-कदमा लिंक रोड पर पुलिस वाहन ने महिला को मारा धक्का, जख्मी, कई वाहन भी चपेट में आये, हंगामा

Jamshedpur. जमशेदपुर के सोनारी-कदमा लिंक रोड पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टहल रहे लोगों और खड़ी गाड़ियों से जा टकराया. हादसे में एक महिला घायल हो गयी. जबकि कई वाहनों को नुकसान पहुंचा.कार में कुछ पुलिसकर्मी सवार थे. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रोज की तरह लोग सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रही पुलिस की कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और फुटपाथ पर चढ़ गई. इससे एक महिला गिरकर घायल हो गई. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई.

घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर हंगामा किया. पुलिसकर्मियों को घेर लिया. लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलते ही कदमा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. वहीं दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों ने मुआवजे की मांग की है. उनका कहना है कि बिना गलती के उनकी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है. चालक से पूछताछ की जा रही है.

Exit mobile version