Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: 21 नवंबर को होगा कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह, सांसद विद्युत वरण महतो होंगे मुख्य अतिथि

माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से आयोजन; विधायक सरयू राय और पूर्णिमा साहू विशिष्ट अतिथि, टाटा स्टील के डीबी सुंदर रामम होंगे सम्मानित अतिथि

जमशेदपुर। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह इस वर्ष 21 नवंबर 2026 को होगा। बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

विधायक सरयू राय और विधायक पूर्णिमा साहू विशिष्ट अतिथि होंगे। वहीं, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन, डीपीआरओ पंचानन उरांव सहित सामाजिक, राजनीतिक और कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष ने दी आयोजन की जानकारी

कार्यक्रम की जानकारी प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने मंगलवार को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक में क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा एवं राकेश सिंह, सह सचिव अमित तिवारी और कोषाध्यक्ष गंगाधर पांडेय उपस्थित थे।

तीन वरिष्ठ पत्रकारों के नाम पर दिए जाएंगे पुरस्कार

समारोह में दिवंगत पत्रकारों के परिजनों, वरिष्ठ पत्रकारों और अपने कार्यों से उल्लेखनीय पहचान बनाने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार स्व. गंगा प्रसाद कौशल, ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ और राधे श्याम अग्रवाल के नाम पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इसके अलावा प्रेस क्लब की सहयोगी संस्थाओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पत्रकारों और उनके परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, फिजियोथेरेपी सेंटरों तथा पैथोलॉजी एवं जांच केंद्रों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान दिया जाएगा।

पत्रकारों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने की नई पहल

इस वर्ष प्रेस क्लब ने एक नई पहल करते हुए पत्रकार सदस्यों के प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य पत्रकार परिवारों के बच्चों की शैक्षणिक और रचनात्मक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है।

समारोह में कोल्हान के तीनों जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के पत्रकारों के साथ राज्य के अन्य प्रेस क्लबों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

Exit mobile version