Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR : मारपीट का बदला लेने के लिए रवि यादव को मारी थी गोली, तीन गिरफ्तार

Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी में 5 अगस्त को हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में तीन आरोपियों समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु, विवेक साह और संजय वर्मा को गिरफ्तार किया गया है.

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि घटना के दिन रवि यादव को कुछ युवकों ने गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. मामले में परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

जांच में सामने आया कि रवि यादव और निहाल तिवारी के बीच कुछ महीने पहले मारपीट हुई थी. आपसी समझौते के बावजूद निहाल तिवारी ने बदला लेने के लिए रवि की हत्या की योजना बनाई. 5 अगस्त की शाम निहाल तिवारी और समीर कुमार सिंह स्कूटी से किताडीह ग्वालापट्टी पहुंचे. वहां रवि ने समीर को देखकर झगड़ा शुरू कर दिया. तभी निहाल ने बैग से पिस्टल निकालकर रवि पर 5-6 राउंड गोली चला दी और दोनों मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. साथ ही बताया कि रवि यादव का खुद भी आपराधिक इतिहास है और वह कई बार जेल जा चुका है. फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Exit mobile version