Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: सेवानिवृत्त डीएसपी अंजनी कुमार तिवारी का TMH में निधन, पुलिस महकमे में शोक

Jamshedpur. जमशेदपुर झारखंड पुलिस के सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अंजनी कुमार तिवारी का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 8:20 बजे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थे और पिछले कुछ समय से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे समेत परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि अंजनी कुमार तिवारी की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया था।

यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार सुबह उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। अंजनी कुमार तिवारी ने झारखंड पुलिस में डीएसपी के पद पर रहते हुए लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। अपने पुलिसिया कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिस सेवा में योगदान देने वाले तिवारी सेवानिवृत्ति के बाद भी विभाग के अधिकारियों और पुराने सहयोगियों के संपर्क में बने हुए थे।

उनके निधन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, पूर्व सहकर्मियों और परिचितों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी अधिकारी को खो दिया है। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Exit mobile version