
Jamshedpur. बर्मामाइंस मुखी बस्ती में गुरुवार तड़के सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. घटना सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई. नामदा बस्ती निवासी शरणजीत सिंह (28) बाइक से अपने परिजन को स्टेशन लाने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान ट्रक ने उनकी स्प्लेंडर बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में शरणजीत की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार तेज थी और टक्कर के बाद वह युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है.
हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. इकलौते बेटे की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया.प्रदर्शनकारियों ने दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. सड़क पर जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. सूचना मिलते ही बर्मा माइंस थाना प्रभारी दिलीप यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. थाना प्रभारी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी. पुलिस की पहल के बाद लोगों को शांत किया गया, लेकिन क्षेत्र में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है.
सख्त कार्रवाई और ट्रकों की गति पर नियंत्रण की मांग
जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. तेज रफ्तार वाहन और रात के समय लापरवाही से गाड़ी चलाना इन घटनाओं की बड़ी वजह मानी जा रही है. स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और ट्रकों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं.