
Jamshedpur.गालूडीह थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कार लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छह दिन पूर्व घीकुली जाने वाली सड़क से लूटी गई अर्टिका कार (जेएच 05 डीजेड 7269) को पुलिस ने बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच के निःशुल्क पब्लिक पार्किंग से बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पोटका थाना क्षेत्र के पिछली गांव निवासी आकाश भकत को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालिकापुर निवासी कार मालिक सुबोध कुमार भकत ने बताया कि 17 अप्रैल को दो युवकों ने घाटशिला में एक शादी समारोह में जाने के बहाने उनकी कार बुक की थी।
चालक अमित भकत जब कार लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में अपराधियों ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। कार मालिक ने शनिवार को गालूडीह थाना में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर वाहन को बरामद कर लिया।
