Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: 25 साल बाद घर लौटे संतोष साहू को परिजनों ने रखने से किया इनकार, ‘सम्पूर्ण आश्रय’ ने पुरुष आश्रय गृह में दिलाया सहारा

कोलकाता में आठ साल तक चला इलाज, स्वस्थ होने के बाद घर पहुंचाए गए थे बुजुर्ग; वृद्ध मां ने गरीबी और असमर्थता जताते हुए साथ रखने में जताई असमर्थता

जमशेदपुर। करीब 25 वर्षों तक घर से दूर रहने के बाद जमशेदपुर लौटे बुजुर्ग संतोष साहू को परिजनों का सहारा नहीं मिल सका। घर पहुंचने पर उनकी वृद्ध मां ने गरीबी और अपनी असमर्थता का हवाला देते हुए उन्हें साथ रखने से इनकार कर दिया। ऐसी स्थिति में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार की जिला उपाध्यक्ष और ‘सम्पूर्ण आश्रय’ की अध्यक्ष सुष्मिता शंकर ने पहल करते हुए बुजुर्ग के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था कराई। उन्हें छाया नगर स्थित पुरुष आश्रय गृह में रखा गया है।

25 साल पहले छोड़ दिया था घर

जानकारी के अनुसार, संतोष साहू करीब 25 वर्ष पहले मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण अपना घर छोड़कर चले गए थे। पिछले आठ वर्षों से कोलकाता स्थित ‘मेंटल हेल्थ राइट ऑर्गेनाइजेशन’ में उनका उपचार और देखभाल की जा रही थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद संस्था ने उन्हें डिस्चार्ज कर जमशेदपुर स्थित उनके घर पहुंचाया।

हालांकि, घर लौटने पर उन्हें पारिवारिक सहारा नहीं मिल पाया। उनकी वृद्ध मां ने आर्थिक तंगी और अपनी शारीरिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए उन्हें अपने साथ रखने में असमर्थता जताई।

सुष्मिता शंकर ने आगे बढ़कर दिलाया आश्रय

बुजुर्ग की स्थिति की जानकारी मिलने पर सुष्मिता शंकर ने मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कराने के बाद संतोष साहू के रहने और देखभाल के लिए छाया नगर स्थित पुरुष आश्रय गृह में व्यवस्था कराई।

इस पहल से लंबे समय बाद घर लौटे बुजुर्ग को सुरक्षित ठिकाना मिल सका। संस्था की ओर से उनके पुनर्वास और देखभाल की दिशा में सहायता उपलब्ध कराई गई।

कोलकाता की संस्था और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग

इस मानवीय पहल में कोलकाता स्थित मेंटल हेल्थ राइट ऑर्गेनाइजेशन की आनंदिता चक्रवर्ती, ‘सम्पूर्ण आश्रय’ के सदस्यों और अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार के पदाधिकारियों का सहयोग रहा। सभी के समन्वित प्रयास से संतोष साहू को आश्रय गृह तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

Exit mobile version