Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Science Center: जमशेदपुर में खुलेगा क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, रांची में साइंस सिटी, राज्य के हर जिले में विज्ञान केंद्र खोलने का भी प्रस्ताव

Jamshedpur. जमशेदपुर व धनबाद में क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र खोले जाने की योजना है. इसके तहत राज्य में वैज्ञानिक पर्यटन और नवाचार को बढ़ावा देने की कोशिश होगी. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य के प्रत्येक जिले में विज्ञान केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा है. झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद (जेसीएसटीआई) के कार्यकारी निदेशक डॉ. राज शेखर प्रसाद ने बताया कि वर्तमान में झारखंड का एक क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र रांची में है, सरकार ने अब इसका साइंस सिटी के तौर पर उन्नयन करने का फैसला लिया है.

राज्य के पहले ‘साइंस सिटी’ के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम) द्वारा तैयार की गई है, जो केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त सोसायटी है, जिसे राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी का इंतजार है. राज्य मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र के पास भेजा जाएगा. क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र में वर्तमान में प्रदर्शनियों के लिये तीन दीर्घाएं हैं. इसकी स्थापना 2010 में हुई थी. प्रसाद ने कहा कि विज्ञान नगरी के रूप में इसके उन्नयन के बाद इसमें छह और प्रदर्शनी दीर्घाएं जोड़ी जाएंगी. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 270 करोड़ रुपये की लागत आएगी.

Exit mobile version