Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: घोड़ाबांधा में ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी कई गाड़ियां धू-धू कर जलीं, मची अफरातफरी, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

Jamshedpur. जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में रविवार देर रात आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी कई गाड़ियां अचानक आग की लपटों में घिर गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात लगभग 11 बजे एक कार से अचानक धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने पास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने खुद आग पर काबू पाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड एवं पुलिस को सूचना दी. देर रात तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा. मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया.

इलाके के निवासियों का आरोप है कि ओला सर्विस सेंटर के मालिक तापस दास ने कंपनी की मिलीभगत से वन विभाग की जमीन और रोड किनारे की जगह को अवैध रूप से पार्किंग एरिया बना लिया है. लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गयी, लेकिन न तो वन विभाग और न ही प्रशासन ने कार्रवाई की.

स्थानीय लोगों ने बताया कि पार्किंग स्थल के ठीक सामने एक ट्रांसफार्मर भी लगा है. ओला सर्विस सेंटर के मैनेजर पुरुषोत्तम ने बताया कि आग कैसे लगी, उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. उन्हें शक है कि किसी असामाजिक तत्व ने इस घटना को अंजाम दिया है.

Exit mobile version