Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: SIR को लेकर झामुमो पूरी तरह सजग, योग्य मतदाता का नाम नहीं कटने देंगे: विक्टर सोरेन

जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने पूर्वी सिंहभूम जिले में अपनी निगरानी और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त BLA-1 मौजूद रहे।

बैठक में SIR के तहत BLA-2 की नियुक्ति और उनके कार्यों की निगरानी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर मांगी गई सूचनाओं और आंकड़ों को निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।

10 अक्टूबर तक जुटाई जाएगी विधानसभा वार जानकारी

बैठक में तय किया गया कि विधानसभा क्षेत्रवार महत्वपूर्ण विवरण 10 अक्टूबर तक जिला अध्यक्ष को उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए Form-6 के माध्यम से किए गए आवेदनों की संख्या और उनकी अद्यतन स्थिति प्रमुख है।

इसके अलावा BLO द्वारा Form-6 स्वीकार नहीं करने, आवेदन जमा करने के बाद पावती नहीं देने या किसी तरह के पक्षपातपूर्ण रवैये से संबंधित शिकायतों को भी बूथ संख्या के साथ संकलित किया जाएगा।

फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों की भी होगी निगरानी

झामुमो ने फर्जी मतदाता, दोहरी प्रविष्टियों अथवा बाहरी व्यक्तियों के कथित अवैध पंजीकरण से जुड़े मामलों की जानकारी भी जुटाने का निर्णय लिया है। ऐसे मामलों में की गई प्रशासनिक कार्रवाई और उपलब्ध तथ्यों का विवरण भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

वहीं, वैध मतदाताओं के नाम बिना ठोस कारण हटाए जाने की स्थिति तथा उसके खिलाफ की गई शिकायतों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। बैठक में Form-7 के कथित गलत इस्तेमाल से संबंधित शिकायतों और तथ्यों को भी सूचीबद्ध करने पर चर्चा हुई।

केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि झामुमो SIR की प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे। बैठक में जुटाए जाने वाले आंकड़ों और संबंधित दस्तावेजों को संकलित कर केंद्रीय नेतृत्व को उपलब्ध कराने की बात कही गई।

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी SIR-2026 और Un-Mapped Elector सूची से संबंधित आधिकारिक सूचनाएं प्रकाशित की गई हैं।

ये BLA-1 रहे मौजूद

बैठक में जुगसलाई विधानसभा के BLA-1 पलटन मुर्मू, पोटका विधानसभा के BLA-1 आकाश सरदार, जमशेदपुर पूर्वी के BLA-1 राजा सिंह और जमशेदपुर पश्चिम के BLA-1 चंद्रशेखर महतो समेत प्रीतम हेंब्रम, खुद्दू उरांव, अभय पांडेय, सुशील हेंब्रम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version