Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: SSP एहतेशाम वकारिब ने आजादनगर थाना का किया औचक निरीक्षण, अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

लंबित मामलों के त्वरित और निष्पक्ष अनुसंधान पर जोर, आदतन अपराधियों, संगठित गिरोहों और अवैध हथियार व मादक पदार्थों के कारोबारियों पर कार्रवाई के आदेश

जमशेदपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने आजादनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की और अनुसंधानकर्ताओं को मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को आदतन अपराधियों और संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

बीट पुलिसिंग के आदेशों का पालन करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान बीट पुलिसिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को बीट पुलिसिंग से संबंधित पूर्व में जारी सभी आदेशों का निर्धारित तरीके से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस औचक निरीक्षण के जरिए थाना के लंबित मामलों, अनुसंधान की गुणवत्ता और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्था की समीक्षा की गई।

Exit mobile version