Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: SSP ने की लंबित कांडों की समीक्षा, आपराधिक गिरोहों, अवैध हथियार और मादक पदार्थों पर निगरानी रखने का निर्देश

Jamshedpur. लंबित आपराधिक कांडों के त्वरित निष्पादन और अनुसंधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने समीक्षा बैठक की। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में विभिन्न लंबित कांडों की संबंधित अनुसंधानकर्ताओं के साथ समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों के अनुसंधान में गंभीरता बरतते हुए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जाए, ताकि मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके। समीक्षा बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने आदतन अपराधियों, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा अवैध मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। एसएसपी ने बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए पूर्व में जारी सभी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाना, पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना तथा अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करना रहा। एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और अपराध नियंत्रण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

Exit mobile version