Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची स्थित शालीमार मार्केट में रंगदारी मांगने को लेकर चाकूबाजी, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

Jamshedpur.जमशेदपुर के साकची स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी मांगने को लेकर चाकूबाजी हुई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर पिस्टल लेकर दोबारा बाजार पहुंचे और दुकानदारों को धमकी देकर फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक होटल कलकत्तिया के सामने एक पान दुकान पर पहुंचे। गुटखा और सिगरेट लेने के बाद उन्होंने दुकानदार से 500 रुपए की रंगदारी मांगी।

दुकानदार के विरोध करने पर आसपास के लोग जमा हो गए और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। चाकू के हमले में मिनादुल हक, एमडी ताज और एमडी अब्दुल मस्जिद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की।

Exit mobile version