Jamshedpur. पटमदा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में शिक्षकों की भारी कमी और पदस्थापित शिक्षकों के प्रतिनियोजन के विरोध में मंगलवार को दर्जनों छात्र सड़क पर उतर आए. सुबह करीब साढ़े 10 बजे छात्रों ने पटमदा बाजार स्थित सिदो-कान्हू चौक के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. छात्रों का स्पष्ट कहना था कि जब तक विद्यालय में पहले से पदस्थापित शिक्षकों को वापस नहीं लाया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे. उनका आरोप था कि शिक्षकों के चले जाने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है. जाम की सूचना मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी मौके पर पहुंचीं और छात्रों से सीधे बातचीत की.

उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए तत्काल दूसरे विद्यालय से गणित और विज्ञान के शिक्षक की प्रतिनियुक्ति किए जाने का पत्र दिखाया. लेकिन छात्र इस पर संतुष्ट नहीं हुए. वे विद्यालय में पदस्थापित बायो साइंस, हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल चार शिक्षकों के प्रतिनियोजन को रद्द कर उन्हें वापस चौरा विद्यालय भेजने की मांग पर अड़े रहे.
लंबी बातचीत के बाद अधिकारियों और छात्रों के बीच सहमति बनी. इसके तहत आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल के एक बायो साइंस शिक्षक को सप्ताह में तीन दिन चौरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में प्रतिनियुक्त करने का निर्णय लिया गया.

साथ ही एसआईआर के कार्य में लगे शिक्षक काजल साहा को पहले शैक्षणिक कार्य पूरा करने और उसके बाद ही एसआईआर का काम करने का तत्काल आदेश जारी किया गया. अधिकारियों के इन ठोस आश्वासनों के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. करीब दो घंटे बाद दोपहर साढ़े 12 बजे सड़क पर यातायात सामान्य हो सका. मौके पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सीआई समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

