
Jamshedpur. बागबेड़ा के सिद्धू कान्हू मैदान के पास स्थित आवासीय इलाके में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. यहां 13 वर्षीय किशोर नवनीत कुमार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. नवनीत कक्षा 4 का छात्र था. जानकारी के अनुसार, नवनीत शनिवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से घर लौटा. वह सामान्य दिनों की तरह सीधे अपने कमरे में चला गया. घर के सदस्य अपनी-अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे, जबकि उसकी छोटी बहन घर के बाहर खेल रही थी. कुछ देर बाद जब वह अंदर आई, तो उसने धीरे-धीरे दरवाज़ा खोलकर देखा. भीतर का दृश्य देखकर वह घबरा गई. नवनीत रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ था. उसने तुरंत बाहर जाकर पिता को जानकारी दी.
सूचना मिलने पर नवनीत के पिता घर पहुंचे और कमरे में प्रवेश किया. अंदर का नजारा देखकर वे सन्न रह गए. उन्होंने तुरंत अपने बेटे को फंदे से उतारा और आनन-फानन में इलाज के लिए टीएमएच लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नवनीत को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रबंधन द्वारा बागबेड़ा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गयी. सूचना पाकर पुलिस टीएमएच पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति पैदा हुई कि एक 13 वर्षीय छात्र ने यह चरम कदम उठा लिया. घरवालों के अनुसार, नवनीत पढ़ाई में सामान्य था और पिछले कुछ दिनों से किसी तरह की परेशानी या तनाव के संकेत भी नहीं दिखे थे. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें बच्चे की दिनचर्या, दोस्तों और हालिया गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है.
