Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR : स्वर्णरेखा व खरकई उफनाई, निचले इलाकों में भरा पानी, लोगों को राहत शिविर में भेजा गया

जमशेदपुर. लगातार हो रही बारिश के कारण जमशेदपुर की दोनों नदियां उफान पर है. कई इलाकों में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. बागबेड़ा क्षेत्र के नया बस्ती में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है. अब तक 100 से अधिक घरों में पानी घुस चुका है. इनमें से करीब 50 से 60 घर पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं.

नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं. बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित कैंप स्थान चिन्हित किए गए हैं.

राहत केंद्र के रूप में प्राथमिक विद्यालय रोड नंबर 3, सिदो-कान्हू मैदान, लोहिया भवन, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और बागबेड़ा थाना चौक को तैयार किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं. साथ ही नदियों या जलजमाव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं.

मानगो से आजाद नगर जाने वाली सड़क पूरी तरह से बंद

मांगो के कई इलाकों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है. मांगो से आजाद नगर जाने वाली सड़क पूरी तरह से बंद हो चुकी है. अचानक पानी आने से कई लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है. जिला आपदा प्रबंधन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. फिलहाल जिला प्रशासन के द्वारा सभी को सुरक्षित स्थान पर भेजने का प्रयास जारी है.

 

Exit mobile version