
Jamshedpur.समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में नशीली दवाओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बिना चिकित्सक के परामर्श के बिक्री के लिए प्रतिबंधित दवाओं की सूची सभी मेडिकल संचालक अपने दुकानों में डिस्पले करेंगे. अंतरराज्यीय और अंतरजिला मार्गों पर तस्करी की प्रवृत्तियों के बारे में जानकारी एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात की गयी. स्कूलों के 100 गज के दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया. स्कूलों में नो टोबैको जोन का बोर्ड लगाने, बार में ड्रग्स के सेवन के विरुद्ध साइनेज लगाने आदि को लेकर निर्देश जारी किया गया.
