
Jamshedpur. बागबेड़ा में पाइपलाइन खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत मामले की जांच के लिए मंगलवार को तीन सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची.जांच दल में एनइपी निदेशक संतोष गर्ग, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हमीरा सोरेन शामिल हैं. जांच टीम ने घटना के सभी पहलुओं को गंभीरता से लिया और कहा कि जल्द ही इसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी.
दरअसल, उपायुक्त अनन्य मित्तल ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित की है, जिन्हें 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर खुदाई के दौरान हुए हादसे की विस्तृत जानकारी जुटाई. उन्होंने खुदाई के लिए बने गड्ढे की लंबाई, चौड़ाई और गहराई की माप ली और मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों व चश्मदीदों से भी बातचीत की.
