
Jamshedpur. परसुडीह इलाके में गुरुवार देर रात एक महिला का शव झाड़ियों में बरामद हुआ. मृतका की पहचान गदरा की लापता महिला के रूप में हुई है, जो मंगलवार रात से गायब थी. परिजनों ने बताया कि वह अचानक घर से निकल गई थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. गुरुवार रात करीब 11 बजे स्थानीय लोगों को झाड़ियों में महिला का शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रेप के बाद हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई होगी. मृतका के निजी अंगों पर भी चोट के निशान मिले हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
चार बच्चों की मां थी मृतका
मृतका शादीशुदा थी और चार बच्चों की मां थी.परिजनों के अनुसार, महिला की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
