
Jamshedpur. जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में जिस वादी ने खुद चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, वही असल में गहनों का चोर निकला. वकार अहमद नामक युवक ने अपनी ही बहन के सोने के गहने चुपके से घर से निकाल लिए और फिर चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. 23 नवंबर को आज़ाद नगर थाने में दर्ज शिकायत में वकार अहमद ने पुलिस को बताया था कि उनके घर से अज्ञात चोर सोने की चेन, चार कान की बालियां और एक अंगूठी चुरा ले गए। इस आधार पर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई.
वकार ने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी रात के अंधेरे में हुई और चोर बिना किसी आवाज के सामान लेकर फरार हो गए. जांच के दौरान पुलिस को प्रथम दृष्टया कई बातें संदिग्ध लगीं. डीएसपी पटमदा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना प्रभारी चंदन कुमार को यह गंभीर सवाल लगा कि बिना ताला तोड़े कोई घर में कैसे घुस सकता है? यही बात पूरी जांच का आधार बनी. शक के दायरे में आने के बाद पुलिस ने वकार से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान वह टूट गया और पूरी सच्चाई उगल दी.
