
Jamshedpue. पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के बरागाड़िया पंचायत अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट पर मिले संदिग्ध जिंदा बम को निष्क्रिय करने के लिए अब तक कोई तकनीकी दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा है। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतनी संवेदनशील स्थिति के बावजूद घटनास्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। बम के आसपास किसी तरह की घेराबंदी नहीं होने के कारण लोग बेखौफ होकर उसके करीब पहुंच रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई ग्रामीण इस जिंदा बम को खिलौना समझकर उसके साथ सेल्फी ले रहे हैं। पत्रकारों के पहुंचने पर भी लोग उत्सुकतावश बम के पास जाकर फोटो खिंचवाने में जुटे दिखे। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को चेतावनी दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण लापरवाही बरत रहे हैं।
बहरागोड़ा सर्कल के आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार नायक ने मौके पर पहुंचकर लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई है। सेना के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के आने के बाद ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा सकेगा।
