Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Theft in Agrico : एग्रिको में शादी समारोह में गया था परिवार, टेंपो लेकर पहुंचे चोर, दो घंटे में खाली कर दिया घर, CCTV का DVR भी ले गये

Jamshedpur. एग्रिको के रहने वाले टाटा स्टील कर्मचारी रवि शंकर मिश्रा के घर का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये के गहने और नकद 25 हजार रुपये नकदी की चोरी कर ली. घटना रविवार की रात की है. रविशंकर मिश्रा ने सिदगोड़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है. घटना के संबंध में बताया कि उनके एक रिश्तेदार की शादी थी. एग्रिको क्लब हाउस में कार्यक्रम का आयोजन था. रविवार की रात करीब आठ बजे परिवार के सभी लोग क्वार्टर में ताला बंद कर एग्रिको क्लब हाउस चले गये.

उसी दौरान रात करीब 11.30 बजे उनका बेटा कोई काम से अपने क्वार्टर आया. जब वह बाहर गेट में लगे ताला को खोल कर अंदर जाने का प्रयास किया तो गेट भीतर से बंद पाया. उसने जब शोर मचाया तो चोर पीछे के गेट से फरार हो गये. उसके बाद उसने घटना की जानकारी फोन कर परिजनों को दी. इसके बाद परिवार के सभी लोग घर पहुंचे.

आसपास के लोगों ने बताया कि क्वार्टर के पीछे करीब आठ बजे कुछ लड़कों ने एक पैसेंजर टेंपो को खड़ा कर दिया था, लेकिन शादी समारोह होने के कारण आसपास के लोगों ने उसके बारे में पूछताछ नहीं की. उन लोगों को लगा कि घर में समारोह होने के कारण टेंपो की जरूरत होगी. घटना के बाद टेंपो भी वहां से गायब हो गया. पुलिस और परिवार के लोगों ने आशंका जतायी है कि शायद चोर गिरोह के लोग ही टेंपो लेकर आये थे.

Exit mobile version