Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जुगसलाई महाकालेश्वर शिव मंदिर में चोरी, लगातार तीन दिन से घुस रहे चोर, अब शिवलिंग में लगे नाग, त्रिशूल समेत पूजा के बर्तन ले गये चोर

Jamshedpur.जुगसलाई थाना क्षेत्र के शिव घाट रोड स्थित महाकालेश्वर मंदिर में असामाजिक तत्वों ने देर रात चोरी की घटना को अंजाम देकर लोगों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का काम किया है. इस मंदिर में पिछले तीन दिनों से लगातार चोर घुस रहे हैं और दान पेटी व मंदिर के अन्य सामानों पर हाथ साफ कर रहे हैं. बताया गया कि देर रात चोरों ने तीसरी बार पीछे के रास्ते से घुसकर शिवलिंग में लगे नाग, त्रिशूल समेत मंदिर में पूजन से संबंधित बर्तनों की चोरी कर ली. मंदिर की देखरेख करने वाले सुनील शर्मा ने पुलिस को बताया कि दो दिन पूर्व मंदिर का ताला तोड़ कर दानपेटी की चोरी कर ली गयी थी. शनिवार की शाम को वह हर दिन की तरह मंदिर में ताला बंद कर अपने पास वाले घर में सोने चले गये. रविवार की सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा पाया. अंदर जाकर देखा तो शिवलिंग के पास लगा नाग और पूजा के सारे बर्तन समेत अन्य सामान भी गायब थे.

उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों के अलावे मंदिर कमेटी को दी. मंदिर और आसपास नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. जानकारी मिलते ही कमेटी के लोगों ने इस संबंध में जुगसलाई पुलिस को सूचना दी, साथ ही लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है. सूचना पर जुगसलाई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की.

Exit mobile version