Jamshedpur. पोटका थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बड़ा भूमरी गांव में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सात लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना के संबंध में पीड़ित देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल ने बताया कि रविवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। उनकी मां छठ पर्व मनाने के लिए अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने कमरे को निशाना बनाया और मां के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का सामान खंगाल लिया।

चोर अलमारी में रखे सात लाख रुपये नकद, सोने के दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक अंगूठी, चांदी के आठ सिक्के समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे उनकी बहन की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। मां के कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। इधर, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और मुखिया पानो सरदार ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने तथा चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

